फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kotputli-Behror News: दिल्ली-जयपुर हाईवे-48 पर भीषण हादसा, ट्रेलर में लगी आग; चालक की मौत, घंटों रहा जाम

Mon, 23 Feb 2026 05:50 PM IST
कोटपुतली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़

दिल्ली-जयपुर हाईवे 48 पर बहरोड़ के सोतानाला औद्योगिक क्षेत्र के पास सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर ट्रेलर और डंपर की आमने-सामने नहीं बल्कि पीछे से हुई जोरदार टक्कर के बाद ट्रेलर में आग लग गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप ले लिया और ट्रेलर का केबिन पूरी तरह लपटों से घिर गया।

जानकारी के अनुसार, आगे चल रहे डंपर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने के कारण पीछे से आ रहा ट्रेलर अनियंत्रित होकर डंपर से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर के डीजल टैंक में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि केबिन में फंसे चालक को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सोतानाला और पनियाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां भी तत्काल घटनास्थल पर भेजी गईं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जल चुका था। आग बुझाने के बाद केबिन से चालक का शव बरामद किया गया।

पढ़ें- हनीट्रैप मामले में पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप: ओवरब्रिज पर महिला ने की खुदकुशी की कोशिश, राहगीरों ने बचाया

सोतानाला थाना अधिकारी दिनेश मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में डंपर द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के बाद यह हादसा हुआ। पुलिस ने मृतक की पहचान रवि कुमार पुत्र रामकुवार निवासी टिकरिया, शाहपुरा (जयपुर) के रूप में की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

इस भीषण हादसे के चलते हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर धीरे-धीरे यातायात सुचारू करवाया। फिलहाल पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें