फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kota News: पुलिसकर्मी पर अपहरण और लूट का आरोप, साथियों के साथ मिलकर युवक को बंधक बनाया, जांच में जुटी पुलिस

Sat, 31 Jan 2026 03:44 PM IST
कोटा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा

जिले में एक पुलिसकर्मी के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाने और लूट का मामला दर्ज होने से सनसनी फैल गई है। आरोप है कि पुलिसकर्मी अपने 4:5 साथियों के साथ मिलकर परिवादी को जबरन गाड़ी में बैठाकर सूनसान जगह ले गया, वहां बंधक बनाकर मारपीट की और बैग लूटकर फरार हो गया। यह मामला शहर के आरके पुरम थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना 20 जनवरी की है, जबकि पीड़ित ने 27 जनवरी को आरके पुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की जांच पुलिस उप अधीक्षक प्रथम योगेश शर्मा को सौंपी गई है। जिस पुलिसकर्मी पर आरोप लगाए गए हैं, उसकी पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है, क्योंकि परिवादी ने शिकायत में केवल इतना बताया है कि उसने एक व्यक्ति को पुलिस की वर्दी में देखा था। पुलिस लगातार पहचान और भूमिका की जांच कर रही है। परिवादी के न्यायालय में बयान भी दर्ज कराए जा रहे हैं।

जिले के घाटोली निवासी राजेश कुमार सेन ने शिकायत में बताया कि वह 20 जनवरी को अपने मित्र ललित शर्मा के साथ कोटा आया था। यहां उसकी मुलाकात प्रताप पैलेस, रंगबाड़ी में अपने पुराने मित्र राजेंद्र से हुई। इसके बाद राजेश, राजेंद्र के साथ एक बैग विजय माली को देने के लिए कोटा विश्वविद्यालय के पास गया।

ये भी पढ़ें: Tonk News: जयपुर कूच पर लगा ब्रेक, आधी रात की वार्ता के बाद खत्म हुआ नरेश मीणा का आंदोलन, प्रशासन से बनी बात

इसी दौरान एक सफेद स्कूटर पर दो युवक पहुंचे, जिनमें से एक पुलिसकर्मी बताया गया है। उन्होंने राजेश और राजेंद्र को रोक लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने धमकाते हुए मुकदमा दर्ज न करने के बदले डेढ़ लाख रुपये की मांग की। इसके बाद उसने अपने दोस्त राजेंद्र पारेता को पैसे लेने के लिए भेज दिया।

इसी बीच एक कार वहां आकर रुकी, जिसमें अन्य लोग सवार थे। परिवादी का कहना है कि उसे जबरन कार में बैठाकर अनंतपुरा गोबरा बावड़ी अंडरपास होते हुए सूनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका बैग छीन लिया गया। बाद में उसे वहां से भगा दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें