फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jodhpur News: करोड़ों की चोरी का पर्दाफाश, होटल से आनन-फानन में भागे चोर, जोधपुर पुलिस ने बांसवाड़ा से पकड़ा

Thu, 05 Feb 2026 04:24 PM IST
जोधपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर/ बांसवाड़ा

जोधपुर पुलिस ने शहर के पॉश इलाके सरदारपुरा में हुई करीब एक करोड़ रुपये की बड़ी नकबजनी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसके बाद उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।

घटना 25 जनवरी की है, जब सरदारपुरा क्षेत्र में भारत मेहता के मकान में अज्ञात बदमाशों ने नकबजनी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने मकान से करीब आधा किलो सोना, 5 किलो चांदी और लाखों रुपये की नकदी चोरी कर ली। उस समय परिवार जोधपुर से बाहर गया हुआ था। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर परिजन वापस लौटे और सरदारपुरा थाना पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी करने के उद्देश्य से जोधपुर आए थे। उन्होंने शहर के अलग-अलग इलाकों में रेकी की और वारदात को अंजाम देने के लिए एक बाइक भी चोरी की। नकबजनी के बाद आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनके आधार पर आरोपियों के बांसवाड़ा और उदयपुर क्षेत्र से आने के सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीम बांसवाड़ा रवाना हुई और स्थानीय स्तर पर जानकारियां जुटाईं। पुलिस ने बांसवाड़ा से तीनों आरोपियों रणदीप सिंह, दीपक सिंह और तीरथ सिंह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आपस में जीजा, साला और ससुर हैं और सिकलीगर समुदाय से जुड़े हुए हैं।

ये भी पढ़ें: CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर: कोटपूतली-बहरोड़ में 100 साल पुराने मकान का छज्जा गिरा, लैब टेक्नीशियन की मौत

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि वारदात के बाद आरोपी जल्दबाजी में एक होटल पहुंचे और आनन-फानन में चेकआउट किया। होटल संचालक के पूछने पर उन्होंने नानी की मृत्यु का बहाना बनाकर वहां से निकलने की बात कही। इसके बाद वे पिंडवाड़ा होते हुए बांसवाड़ा पहुंचे, जहां चोरी का सामान छुपाकर पूरे परिवार सहित फरार हो गए।

माल बरामदगी के दौरान पुलिस को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि आरोपी स्थानीय भाषा में बातचीत करते थे। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर चोरी का पूरा माल बरामद करने में सफलता हासिल की।

पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश ने बताया कि इस खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले कैलाश, मोतीलाल और राजाराम मीणा सहित पुलिस टीम को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि सूने मकानों में कीमती सामान और नकदी न छोड़ें। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो संबंधित थाना पुलिस को इसकी सूचना अवश्य दें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें