असली पुलिस के साथ नकली पुलिसकर्मी भी बराबर से सक्रिय हैं, जो लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूली कर रहे हैं। ऐसा ही मामला प्रतापनगर थाना क्षेत्र में सामने आया। शातिर ठग ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर महिला को फोन किया और कहा कि उसका बेटा परीक्षा में नकल करते हुए पकड़ा गया है। उसने चेतावनी दी कि यदि करियर बचाना है तो तुरंत बताए गए खातों में पैसे जमा करने होंगे।
झांसे में फंसी महिला ने अपने पति और रिश्तेदारों की मदद से शातिर के खातों में कुल 2.29 लाख रुपए भेज दिए। बाद में महिला ने अपने बेटे से संपर्क किया तो पता चला कि बेटा घर पर ही है और उसने परीक्षा भी नहीं दी थी।
इसके बाद नई आबादी शिकारपुरा निवासी दशरथ सिंह पुत्र भीमसिंह राजपुरोहित ने प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार 24 अगस्त को पत्नी शोभा कंवर अपने बेटे अंकित के साथ साढू हीरसिंह के घर सूथला गई थी। उसी दौरान किसी अनजान शख्स ने कॉल करके बेटे महिपाल सिंह के परीक्षा में नकल करने की झूठी सूचना दी।
ये भी पढ़ें: Bikaner News: पाकिस्तान से आई नशे की खेप, 2.7 किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 13 करोड़ है बाजार मूल्य
इसके बाद पत्नी के कहने पर साढू के लड़के ने मोबाइल से 38 हजार रुपए भेजे। फिर साले के लड़के के मोबाइल से 48 हजार रुपए, अलग खाते में 34 हजार रुपए, उसके बाद पुखराज के मोबाइल से 89 हजार रुपए, एटीएम मशीन से 49 हजार और 48 हजार रुपए भेजे गए। इसके अलावा, पेटीएम और पुत्र अंकित के मित्र से 5 हजार रुपए भी भेजे गए।
इस प्रकार कुल 2.29 लाख रुपए शातिरों के खातों में डलवा दिए गए, जबकि 48,400 रुपए एटीएम मशीन की तकनीकी गड़बड़ी के कारण होल्ड हो गए। बाद में पता चला कि बेटा महिपाल घर पर ही था। दशरथ सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी को झूठे मुकदमे और जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की जांच एसआई मनोज कुमार कर रहे हैं और प्रतापनगर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।