धनुरी थाना इलाके के हमीरी कला गांव में हुए डबल मर्डर केस में पूछताछ के लिए ले जाया गया युवक रमेश पुत्र रामकिशन जाट अपने ही खेत में फांसी पर लटका मिला। शनिवार सुबह खेत में रमेश को फांसी पर लटका हुआ देख ग्रामीणों ने परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार रमेश को शुक्रवार को धनुरी थाना पुलिस पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। पुलिस ने उसे दिनभर थाने में रखकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि उसे पूछताछ करके छोड़ दिया गया था, जबकि मृतक के चाचा रामनारायण ने आरोप लगाया है कि रमेश को पुलिस सुबह थाने लेकर गई थी, पुलिस ने उसे कब और कैसे छोड़ा, वह कैसे गांव पहुंचा, इसकी हमारे पास कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस गांव के करीब 50 से ज्यादा लोगों को पूछताछ के लिए लेकर गई थी। इनमें कई लोग निर्दोष हैं लेकिन उनको भी पुलिस लगातार प्रताड़ित कर रही है। ग्रामीण संजीव ने बताया कि कल युवक को डबल मर्डर मामले में पूछताछ के लिए पुलिस थाने में लेकर गई थी, इसके बाद युवक को मरा हुआ ही देखा गया है, ऐसे में यह जांच का विषय है कि यह सुसाइड है या मर्डर।
गौरतलब है कि धनुरी थाना क्षेत्र के हमीरी कला में 12 व 13 अगस्त की रात घर में सो रहे मां-बेटे पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिसमें बेटे की मौके पर ही मौत हो गई थी और मां की दो दिन बाद जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी पुलिस इसी मामले में पूछताछ कर रही है।