फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur News: नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में बड़ा हादसा टला, बाघ के सामने 30 मिनट फंसे रहे पर्यटक; हुआ क्या था?

Wed, 29 Oct 2025 08:16 PM IST
जयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

राजस्थान की राजधानी जयपुर में पर्यटकों के बीच इन दिनों पर्यटन सीजन का उत्साह चरम पर है। इसी बीच नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क की टाइगर सफारी में हुआ एक हादसा वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। सफारी ट्रैक पर टूटी सड़क और गड्ढों की वजह से एक सफारी बस का टायर अचानक धंस गया, जिसमें बैठे पर्यटक सीधे बाघ के बिल्कुल सामने फंस गए।

हादसे के दौरान बस के आसपास कुछ दूरी पर ही एक बाघ मौजूद था। यह दृश्य देखकर पर्यटकों में अफरातफरी मच गई और वे दहशत में आ गए। घबराए पर्यटकों ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन किसी का भी कॉल रिसीव नहीं हुआ। करीब 30 मिनट तक पर्यटक बस में ही बिना मदद के इंतजार करते रहे, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहा।

आधे घंटे बाद वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी को बाहर निकालकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो में बस के आसपास सफारी ट्रैक की खराब हालत और बाघ का खतरा साफ दिखाई दे रहा है।

पर्यटकों ने गंभीर आरोप लगाया कि रेंजर और फॉरेस्ट स्टाफ ने उनसे वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाया। डर और दबाव में उन्होंने वीडियो हटाया भी, लेकिन बाद में उसे रिकवर कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। उनका कहना था कि विभाग की लापरवाही को छुपाना नहीं चाहिए, क्योंकि इससे उनकी जान खतरे में पड़ी।

मामले को लेकर जब मीडिया ने वन विभाग के अधिकारी देवेन्द्र सिंह राठौर जो कि सहायक वन संरक्षक के पद पर पद स्थापित हैं, उन्होंने अमर उजाला से बातचीत करते हुए बताया कि पर्यटकों द्वारा लगाई जा रहे आरोप सही नहीं हैं। राठौर ने बताया कि उसे क्षेत्र में मोबाइल का नेटवर्क ही नहीं आता एवं किसी भी पर्यटक के द्वारा कोई फोन नहीं किया गया। राठौर ने बताया कि हमारी दो गाड़ियां जंगल में पेट्रोलिंग करती हैं। पेट्रोलिंग करते समय उन्हें एक गाड़ी ऑफ ट्रैक मिली जिसको उन्होंने तुरंत दूसरी गाड़ी लगाकर पर्यटकों को उसमें शिफ्ट किया एवं वह खुद दूसरी गाड़ी लेकर 800 मीटर दूर पेट्रोलिंग करते रहे और बाघ के मूवमेंट पर नजर रखते रहे।

यह भी पढ़ें- Jaipur: केरोसिन ऑयल के गोदाम में भीषण आग, धमाकों से मचा हड़कंप; कई घर खाली कराए गए, डेढ़ घंटे बाद भी काबू नहीं

राठौर ने यह भी बताया कि जो गाड़ियां पर्यटकों को लेकर जंगल में जाती हैं, उनका टेंडर सुरक्षा के संपूर्ण इंतजामों को ध्यान में रखते हुए किया गया है। गाड़ियों में चारों तरफ जाल कसा हुआ है। इसलिए बाग के द्वारा किसी प्रकार की कोई अनहोनी होने के चांस नहीं है।

राठौर ने पर्यटकों के द्वारा बनाए गए वीडियो को डिलीट करने के विषय में कहा कि हमारे द्वारा किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया गया। राठौर ने यह भी कहा कि नाहरगढ़ जैविक उद्यान पर्यटकों की दृष्टि से पूर्ण रूप से सुरक्षित है एवं रोज सैकड़ों की संख्या में पर्यटक सफारी का आनंद ले रहे हैं। लेकिन नाहरगढ़ बायोलॉजिकल पार्क में सफारी ट्रैक की मरम्मत, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम और निगरानी व्यवस्था पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

यह भी पढ़ें- दुखद: डोलियां उठने से छह दिन पहले उठी पिता की अर्थी, पेड़ से लटका मिला शव; बेटी ने लगाया ऐसा आरोप, वजह भी बताई
 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें