दौसा में एक बार फिर बोरवेल में बच्चा गिरने की घटना सामने आई है। जिले के पापड़दा गांव में एक बच्चा खेलते समय पैर फिसलने से 150 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल सक्रिय हो गए। बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाने के लिए बोरवेल में पाइप डाला गया है। मौके पर दो जेसीबी और अन्य रेस्क्यू टीमें पहुंच चुकी हैं। नांगल डिप्टी एसपी चारूल गुप्ता और दौसा विधायक डीडी बैरवा भी बचाव कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दौसा जिले के पापड़दा कालीखाड में ये हादसा हुआ। जो बच्चा बोरवेल में गिरा है उसका नाम आर्यन बताया जा रहा है। आर्यन की उम्र लगभग 5 साल बताई जा रही है। बताया गया खेलते समय पैर फिलने से अर्यन बोरवेल में जा गिर गया। घटना के बाद हंगाम मच गया। सूचना परिजनों तक पहुंची। मामला प्रशासन के संज्ञान में लाया गया। प्रशासन की टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची। घटना की सूचना मिलने पर नांगल डिप्टी एसपी चारूल गुप्ता मौके पर पहुंचे। बच्चे के बोरवेल में गिरने की जानकारी मिलने पर दौसा विधायक डीडी बैरवा भी मौके पर पहुंच गए हैं।
बच्चा लगभग 150 फीट नीचे अटका
उधर, जिला प्रशासन पूरी तरह मशक्कत करके उसे बच्चों को बचाने के लिए युद्ध स्तर पर काम शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि बच्चा लगभग 150 फीट नीचे अटका हुआ है। घटना के बाद मौके पर भीड़ इकट्ठा हाे गई। हादसे की खबर लगते ही परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। फिलहाल बोरवेल के अंदर पाइप डालकर बच्चे तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए दो जेसीबी मौके पर पहुंच गईं हैं। इसके अलावा अन्य टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई हैं। बच्चे को बचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह नजर बनाए हुए है। अंधेरा होने की वजह से बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।