वन विभाग करीब 15 दिन से राजऋषि कालेज में आये पैंथर को पकड़ नहीं सका है। यह पैंथर वन कर्मियों से लगातार आंख मिचौली कर रहा है, क्योंकि यह पिंजरे के आसपास तो आता है, लेकिन घूम फिरकर लौट जाता है। कुल मिलाकर यह पैंथर वन विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। वन विभाग ने अब इस पैंथर को पकड़ने के लिए जयपुर से बड़ा पिंजरा मंगवाया है, जो रविवार की देर शाम अलवर पहुंच गया। इस पिंजरे को कालेज के आस पास के जंगलों में लगाया जाएगा। यह पिंजरा टाइगर को पकड़ने के लिए काम आता है और इस पिंजरे में अब वन विभाग बड़ा जानवर चारे के तौर पर बांधेगी, ताकि पैंथर के लिए पिंजरे में आ सके।
अलवर के राजऋषि कालेज में आया पैंथर वन विभाग के लिए जी का जंजाल बन गया है। पंद्रह दिन हो गए पैंथर वन विभाग के कब्जे में नहीं आ रहा। शनिवार की रात को यह पैंथर मोती डूंगरी पर स्थित चमत्कारी हनुमान मंदिर तक आ पहुंचा, जिसे वह आसपास रहने वाले लड़कों ने देखा। इस मंदिर के सामने रिहायशी मकान बने हुए हैं। कुल मिलाकर यह पैंथर अब रिहायशी इलाकों में जाने लगा है। इससे वहां रहने वालों में भय और दहशत का माहौल है। यह पैंथर पहले आर आर कालेज के गेट के निकट बने रिहायशी इलाकों तक भी आ चुका है। पैंथर वन विभाग के लिए मुसीबत बन चुका है और इसको पकड़ने के लिए वन विभाग दो दो पिंजरे भी लगाए हुए हैं। इन पिंजरों में मेमने ओर मुर्गा भी वन विभाग बांध चुका है। लेकिन यह फिर से चकमे दे गया। पैंथर इतना चालाक है कि पिंजरे के आसपास घूम फिरकर लौट जाता है। एक बार तो यह पिंजरे में आधे हिस्से तक गया भी लेकिन वहां से वापस निकल गया। पिंजरे के अंदर इसके पग मार्क भी मिले हैं, लेकिन यह पूरा पिंजरे में नहीं गया।
ऐसा लगता है कि आर आर कालेज के ही जंगल में ही इसे शिकार कर खाने को मिल रहा है जिससे यह पिंजरे में नहीं आता। कालेज में 51 हैक्टेयर में अच्छा खास जंगल है और वहां नील गाय और सूअर काफी संख्या में है। वन विभाग के कर्मचारी भी वहां चौबीस घण्टे तैनात रहते हैं, लेकिन यह पैंथर उनसे नजर बचा कर चारों तरफ घूम रहा है। उन्हें दिखाई नहीं दे रहा। केवल उसकी फोटो ही वन विभाग वाले देख पा रहे हैं। वन विभाग ने पैंथर को पकड़ने के लिए जयपुर के झालाना से बड़ा पिंजरा भी मंगवा लिया है। यह पिंजरा रविवार की देर शाम को अलवर आ गया था और सोमवार की रात को इसे लगाया गया।
डीएफओ राजेन्द्र हुड्डा ने बताया कि वे लोग पैंथर को पकड़ने के लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी के तहत यह बड़ा पिंजरा मंगवाया गया है। शनिवार की रात को हनुमान मंदिर की दीवार पर जब से लड़को ने पैंथर को देखा है, तब से वहां भी दहशत ओर डर का माहौल बना हुआ है। कालेज के आसपास के लोगों ने डर के चलते सुबह शाम को घूमना भी बंद कर दिया है।