कल शहर में एसबीआई बैंक से रुपये निकालने पहुंचे एक व्यक्ति के बैग से दिनदहाड़े 5 लाख रुपये की चोरी के मामले में शामिल पांच में से तीन नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने जोधपुर से गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 3 लाख रुपये बरामद किए गए हैं, जबकि दो अन्य आरोपी 2 लाख रुपये लेकर फरार हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि कल अपने बेटे की शादी के लिए बैंक से रुपये निकालने पहुंचे पीड़ित भेराराम के बैग से आरोपियों ने 5 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। उन्होंने इस बारे में बैंक प्रबंधक को जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और जिले भर में नाकाबंदी करवाई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी एक टेंपो में बैठकर रेलवे स्टेशन की ओर जाते दिखे, जिसके बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशन और जोधपुर में ट्रेनों की चेकिंग की। देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर के आधार पर पुलिस को इनपुट मिला और पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को पाली रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता चला है कि यह गिरोह भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी करता है और नाबालिग बच्चों को आगे कर चोरी और लूट की वारदातें की जाती हैं। गिरोह के सदस्य पास ही अलग-अलग जगहों पर नजर रखते हैं और चोरी के बाद पैसे आपस में बांट लेते हैं।
नागौर पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने बताया कि गिरफ्तार तीनों नाबालिगों से 3 लाख रुपये बरामद कर लिए गए हैं। अन्य दो आरोपी, जो 2 लाख रुपये लेकर फरार हैं, जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।