फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ajmer News: पारिवारिक विवाद बना जानलेवा, भतीजे के ससुराल वालों ने दो सगी बहनों को पिकअप से रौंदा, 7 अन्य घायल

Tue, 07 Oct 2025 01:26 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर

शहर में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद एक हिंसक वारदात में बदल गया, जहां भतीजे के ससुराल पक्ष ने घर पर हमला कर दो सगी बहनों की बोलेरो से कुचलकर हत्या कर दी, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

यह दर्दनाक घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कायड़ तिराहा इलाके में सोमवार रात करीब साढ़े 12 बजे हुई। मृतकों की पहचान मीनाक्षी बंजारा और पिंकी बंजारा के रूप में हुई है। दोनों को घायल अवस्था में जेएलएन हॉस्पिटल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिविल लाइन थाना प्रभारी शंभू सिंह के अनुसार मृतक दोनों बहनें कायड़ तिराहा निवासी ईश्वर बंजारा की बुआ थीं। ईश्वर ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका अपनी पत्नी रीना (25) से पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था, जिसके चलते करीब तीन महीने पहले रीना अपने मायके किशनगढ़ चली गई थी। उसे वापस लाने के लिए परिवार वालों ने कई बार प्रयास किया, लेकिन रीना के परिजनों ने उसे भेजने से मना कर दिया। 4 अक्टूबर को भी इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी।

ये भी पढ़ें: Jhalawar News: करोड़ों की जमीन कब्जामुक्त, मंदिर की जमीन पर बना रखा था आलीशान मकान, चला बुलडोजर

भतीजे ईश्वर ने पुलिस में दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार रात करीब 12.30 बजे उसका ससुर छोटू लाल, साला मुकेश, चाचा ससुर हेतराम सहित 7-8 लोग पिकअप और बोलेरो लेकर उसके घर पहुंचे। उस समय पूरा परिवार सो रहा था। आरोपियों ने अचानक घर पर हमला बोल दिया और सोते हुए परिवारजनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जब परिवार के सदस्य भागने लगे तो आरोपियों ने पीछा करते हुए बोलेरो से दो बुआओं को कुचल दिया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सभी घायलों को तुरंत जेएलएन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां मीनाक्षी और पिंकी की मौत हो गई।
हमले में ईश्वर बंजारा सहित रेखा (60), कल्पेश (17), साजन (22), अनिल (23) और धारा (60) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी का उपचार जेएलएन हॉस्पिटल में चल रहा है। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें: Baran News: उपचुनावों की घोषणा के साथ ही सीट हथियाने की कवायद में जुटीं पार्टियां, नरेश मीणा खेल सकते हैं दांव

सीआई शंभू सिंह ने बताया कि ईश्वर की पत्नी रीना और उसकी बहन दोनों किशनगढ़ की रहने वाली हैं। दोनों की शादी एक ही परिवार में हुई थी। रीना को वापस भेजने को लेकर दोनों परिवारों में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में घटना पारिवारिक विवाद से जुड़ी प्रतीत हो रही है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

यह वारदात न केवल कायड़ तिराहा इलाके में बल्कि पूरे अजमेर में सनसनी का कारण बन गई है। स्थानीय लोगों ने इसे पारिवारिक झगड़े का भयावह रूप बताया है और मृतक परिवार के लिए न्याय की मांग की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें