राजस्थान के अजमेर शहर के शास्त्री नगर क्षेत्र में आयोजित माता जी की भजन संध्या उस समय विवादों में घिर गई, जब हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भजन गायक का विरोध किया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार्यक्रम के बीच हंगामे की स्थिति बन गई।
भजन संध्या के दौरान ख्वाजा गरीब नवाज की कव्वाली गाने का आरोप
जानकारी के अनुसार, अलवर गेट क्षेत्र में बीते दिन आयोजित भजन संध्या में भजन गायक जॉन अजमेरी ने प्रस्तुति के दौरान ख्वाजा गरीब नवाज की कव्वाली गाई। इसी बात को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ता नाराज हो गए और विरोध जताने कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के बीच पहुंचकर आपत्ति जताई और जमकर नारेबाजी की।
भजन गायक ने छोड़ा मंच
विरोध बढ़ता देख कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ती देख भजन गायक जॉन अजमेरी मंच छोड़कर अंदर चले गए। इस दौरान विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' के नारे लगाते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।
भजन गायक से माफी की मांग
हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि धार्मिक कार्यक्रम में इस प्रकार की प्रस्तुति देना अनुचित है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने भजन गायक से माफी की मांग भी की। साथ ही यह भी कहा कि इस तरह के आयोजन से शहर के सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंच सकता है। फिलहाल, घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, लेकिन इस मामले ने शहर में धार्मिक संवेदनशीलता को लेकर बहस छेड़ दी है। प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ये भी पढ़ें: चैत्र नवरात्रि: सरूंड की पहाड़ी पर विराजमान हैं चिलाय माता, 282 सीढ़ियां और सात द्वार पार कर होते हैं दर्शन
भाजपा नेता के बयान से बगड़ा माहौल
वहीं, दूसरी ओर कार्यक्रम के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के बीच भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव के कथित आपत्तिजनक बयान से माहौल और गर्मा गया। बताया जा रहा है कि विरोध के दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारियों से तीखी नोकझोंक करते हुए कहा, 'अभी मेरा मुंह मत खुलवाओ, तुम्हारे हिंदुओं की बेटियां…” जिससे मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष भजन गायक का पक्ष लेते हुए नजर आईं, जिससे प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने और विरोध जताया। हंगामे के चलते कार्यक्रम प्रभावित हुआ और कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा।