पंजाब में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने आम जनता के लिए एक परेशानी का कारण बन गया। इसी मुद्दे को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। शिरोमणि अकाली दल के पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के निर्देशों पर आज मोगा जिले में भी विभिन्न स्थानों पर रोष धरने आयोजित किए गए। शिरोमणि अकाली दल मोगा इकाई द्वारा निहाल सिंह वाला के एसडीएम कार्यालय के बाहर , मोगा के बिजली दफ्तर, धर्मकोट और बाघापुराना में जोरदार प्रदर्शन किया गया।इस मौके पर हल्का निहाल सिंह वाला के इंचार्ज राजविंदर सिंह ने कहा कि पार्टी के निर्देशानुसार पंजाब के सभी विधानसभा क्षेत्रों में धरने दिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घरेलू और व्यावसायिक दोनों क्षेत्रों में बिजली की भारी कमी है, जिससे हर तरफ अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि दिन-रात बिजली कटौती की जा रही है, जिसका मुख्य कारण सरकार की विफल और दिशाहीन नीतियां हैं। सरकार के पास बिजली का पर्याप्त भंडारण नहीं है, जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। राजविंदर सिंह ने यह भी चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में धान की बुआई के लिए किसानों को बिजली की अधिक आवश्यकता होगी, लेकिन अभी से कटौती शुरू हो चुकी है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि हालात नहीं सुधरे तो शिरोमणि अकाली दल आने वाले समय में और भी तीखा संघर्ष करेगा।