शिव सेना अखंड भारत एवं विश्व हिंदू संघ की ओर से शिव सेना अखंड भारत के 10वें स्थापना दिवस पर स्थानीय हरगोबिंद नगर स्थित ब्लड बैंक में लगाए गए रक्तदान शिविर को पहलगाम के शहीदों के नाम समर्पित किया गया। ब्लड बैंक के गुरमीत पलाही की देखरेख में तथा शिव सेना अखंड भारत के पंजाब इंचार्ज सतपाल रल्ल की अध्यक्षता में लगाए गए इस शिविर में शिव सेना अखंड भारत एवं विश्व हिंदू संघ के राष्ट्रीय प्रधान अजय मेहता तथा वरिष्ठ भाजपा नेता पंकज चावला विशेष तौर पर शामिल हुए। राष्ट्रीय प्रधान अजय मेहता ने कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश के हिंदुओं को झकझोर कर रख दिया है। हम शिव सेना अखंड भारत के 10वें स्थापना दिवस पर लगाए गए इस रक्तदान शिविर को उन शहीदों के नाम समर्पित करते हैं जो पहलगाम में आतंकियों के वहशीपन का शिकार हो गए। इस मौके पर 11 यूनिट रक्तदान किया गया।