पंजाब के मोगा जिले के महावीर नगर में रविवार रात एक सनसनीखेज फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार, साहिल कुमार नामक युवक अपने दोस्त के साथ गली में घर के बाहर बैठकर बातचीत कर रहा था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे और साहिल पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। फायरिंग में साहिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत मोगा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी साउथ थाना प्रभारी वरुण कुमार पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। प्रभारी ने कहा कि घायल युवक की पहचान साहिल कुमार के रूप में हुई है। उसे गोली लगने के कारण गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों के बयानों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।