मोगा शहर के वार्ड नंबर 38 में लंबे समय से सीवरेज की गंभीर समस्या बनी हुई थी। आज विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने 95 करोड़ रुपये की लागत से नई सीवरेज लाइन के कार्य का उद्घाटन किया। इस मौके पर वार्ड के लोगों ने विधायक का धन्यवाद किया। विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत मान जी द्वारा मोगा शहर के विकास कार्यों के लिए लगातार ग्रांट जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि वार्ड नंबर 38 में सीवरेज की समस्या काफी लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई थी, जिसका समाधान अब शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि 95 करोड़ रुपये की लागत से नई सीवरेज लाइन का काम शुरू कराया गया है। बरसात के समय लोगों को जलभराव और गंदगी की समस्या का सामना करना पड़ता था, जो अब पूरी तरह खत्म हो जाएगी। विधायक ने कहा कि मोगा शहर को सुंदर, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नई पाइपलाइन का काम शुरू हो चुका है, जिसे राजेंद्र एस्टेट के ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही 30 लीटर मीट्रिक टन क्षमता का एक नया ट्रीटमेंट प्लांट भी तैयार किया जाएगा।