पंजाब के कई किसानों के साथ धोखा हुआ है। पंजाब के कपूरथला में 10 से ज्यादा गांवों की 1400 एकड़ से ज्यादा खड़ी धान की फसल खराब हो गई है। किसानों का आरोप है कि डीलर की ओर से सप्लाई किए गए बीज नकली हैं। इस वजह से उनकी मेहनत पर पानी फिर गया है। नकली बीज का मामला सामने आते ही जिला कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में कृषि विभाग ने डीलर को शोकॉज नोटिस जारी करके दुकान सील कर दी है। वहीं, किसानों की मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी (सीएओ) संग चली तीन घंटे लंबी मीटिंग में डीलर ने नकली बीज होने की बात मानी है। वहीं फोन पर बातचीत में कंपनी के एमडी ने भी गलती स्वीकारी है।