फरीदकोट जिले के गांव चैना की रहने वाली हरलीन शर्मा ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और लगन के दम पर किसी भी मुकाम तक पहुंचा जा सकता है। साधारण किसान परिवार से संबंध रखने वाली हरलीन ने पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 650 में से 646 अंक हासिल कर पूरे पंजाब में पहला स्थान प्राप्त किया है। जैतो के सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा हरलीन शर्मा की इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे इलाके में खुशी की लहर है। गांव की गलियों से निकलकर पंजाब टॉपर बनने वाली हरलीन आज कई विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। हरलीन के पिता जसविंदर कुमार खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि माता रेनू बाला गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी रुचि रखने वाली हरलीन का सपना भविष्य में जज बनकर समाज की सेवा करना है। हरलीन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, अध्यापकों और नियमित मेहनत को दिया। वहीं स्कूल प्रिंसिपल कुसुम कालड़ा ने कहा कि स्कूल के लिए यह बेहद गर्व का पल है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी स्कूल की छात्रा आठवीं कक्षा में पंजाब टॉपर रह चुकी है और अब हरलीन ने दसवीं में टॉप कर स्कूल की उपलब्धियों में एक और अध्याय जोड़ दिया है।