आर्य समाज गौशाला रोड फगवाड़ा की ओर से आर्य माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सभागार में स्वर्गीय मनोहर लाल चोपड़ा की पुण्य स्मृति में वार्षिक वेद प्रचार दिवस का आयोजन किया गया। सबसे पहले हवन यज्ञ किया गया, जिसमें वरुण एवं कामिनी चोपड़ा, सुपथ एवं रिचा सोंधी, आशीष एवं मीनाक्षी पुरी तथा सौरभ एवं कनिका दुग्गल ने यजमान के रूप में भाग लिया। आर्य माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल फगवाड़ा के विद्यार्थियों ने भजन संगीत का कार्यक्रम प्रस्तुत करके समय बांध दिया। आदर्श गुरुकुल दूधली के संचालक आचार्य पवनवीर ने अपने प्रवचन में वेदों व उपनिषदों के संदेश बहुत सरल व रोचक भाषा में ब्यान किए, जिसका उपस्थिति ने खूब आनंद लिया। आचार्य पवनवीर ने स्वामी श्रद्धानंद एवं साहिबजादों की शहादत का स्मरण करते हुए उनका खूब गुणगान किया। अंत में सभी ने ऋषि प्रसाद का लुत्फ़ उठाया। वैदिक साहित्य एवं आर्य प्रतिनिधि सभा पंजाब द्वारा प्रकाशित नए साल के कैलेंडर भी वितरित किए गए। आर्य समाज के प्रधान रणजीत सोंधी एवं आर्य माडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैनेजर सुरिंदर चोपड़ा ने आचार्य पवनवीर को दोशाला भेंट करके सम्मानित किया तथा भजन संगीत पेश करने वाले विद्यार्थियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ यश चोपड़ा ने किया।