नशे के काले कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान और डीजीपी गौरव यादव द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत जिला फतेहगढ़ साहिब पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मंडी गोबिंदगढ़ पुलिस प्रशासन ने एक महिला नशा तस्कर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने एसडी मॉडल स्कूल के नजदीक स्थित महिला नशा तस्कर द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर पीला पंजा चलाया। यह कार्रवाई एसएसपी शुभम अग्रवाल के दिशा-निर्देशों के तहत एस.पी. (पीबीआई) जसकीरत अहीर और डीएसपी अमलोह गुरदीप सिंह की अगुवाई में की गई। मौके पर भारी पुलिस बल के साथ नगर कौंसिल के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नगर कौंसिल की रिपोर्ट के आधार पर की गई, जिसमें उक्त निर्माण को नियमों के विरुद्ध और अवैध पाया गया था। पुलिस के अनुसार ‘सिमरन’ नाम की इस महिला तस्कर के खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी के गंभीर आरोपों में एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज हैं। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए एस.पी. जसकीरत अहीर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नशे का कारोबार करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों द्वारा अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों और निर्माणों के खिलाफ भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से आम लोगों में संतोष देखा गया और उन्होंने पुलिस व प्रशासन के इस कदम की सराहना की।