श्री अकाल तख्त के सामने पेश होने से पहले मंगलवार को चंडीगढ़ में पार्टी कार्यालय में शिअद प्रमुख सुखबीर बादल की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें शिरोमणि अकाली दल की कोर कमेटी को भंग कर दिया गया। बैठक में मौजूद नेताओं ने सुखबीर बादल को नए सिरे से कोर कमेटी के गठन किए जाने को लेकर प्रस्ताव रखा, जिस पर सुखबीर ने मौजूदा कोर कमेटी को भंग कर दिया। कोर कमेटी को भंग करने के पीछे प्रमुख कारण यह है कि पार्टी चीफ सुखबीर बादल को प्रधान पद से हटाए जाने को लेकर एकजुट हुए बागी नेता इस कमेटी के मौजूदा सदस्य थे। आखिरी बार शिअद की कोर कमेटी में 30 नवंबर 2022 को बदलाव हुए थे। अब बगावत के सुर उठने पर एक बार फिर पार्टी हाईकमान ने कोर कमेटी में बदलाव के प्रस्ताव को मंजूर करते हुए इसे भंग कर दिया है।