राजपुरा के गांव मंडौली स्थित गुरुद्वारा साहिब में संक्रांति के अवसर पर खूनी झड़प हुई। गुरुद्वारे में गोलक गिनती के दौरान आपसी विवाद बढ़ा, जिससे प्रधान समेत दो लोग गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि गांव के कमलजीत सिंह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान थे। वह अक्सर हाथ में किरपान लेकर घूमते थे। संक्रांति के दिन कमलजीत सिंह गुरुद्वारा साहिब पहुंचे जहां गोलक की गिनती चल रही थी। गुरुद्वारे के प्रधान नायब सिंह ने उन्हें किरपान के साथ देखकर बाहर रोकने की कोशिश की। इस पर कमलजीत सिंह ने गुस्से में नायब सिंह पर किरपान से दो वार किए। आत्मरक्षा में प्रधान नायब सिंह ने पिस्तौल से गोली चलाई जो कमलजीत सिंह के पेट में लगी। इस गोलीबारी और किरपान के हमले से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।