मोहाली शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम मोहाली ने अब ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। स्थानीय निकाय विभाग, पंजाब की ओर से जारी अधिसूचना के बाद नगर निगम मोहाली ने यूएलबी (अर्बन लोकल बॉडी) स्तर स्वच्छता कमेटी और हर वार्ड में स्वच्छता कमेटी के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। केंद्र सरकार द्वारा अधिसूचित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद स्थानीय निकाय विभाग के सचिव मनजीत सिंह बराड़ ने गत मई माह में वार्ड स्तरीय स्वच्छता कमेटियों के गठन के आदेश जारी किए थे। जिसके बाद अब नगर निगम ने भी इस दिशा में कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत निगम ने स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंजाब मंडी बोर्ड, पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड समेत विभिन्न विभागों को पत्र भेजकर अपने-अपने प्रतिनिधियों के नाम उपलब्ध कराने को कहा है। जानकारी के अनुसार यूएलबी (अर्बन लोकल बॉडी) स्तर स्वच्छता कमेटी मेयर की अगुवाई में बनेगी। इसमें नगर निगम आयुक्त सदस्य सचिव होंगे। इसके अलावा पार्षदों, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मंडी बोर्ड, वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड के प्रतिनिधियों के साथ सामाजिक संगठनों और बाजार एसोसिएशन के विशेषज्ञों को भी आवश्यकता अनुसार शामिल किया जाएगा। वहीं प्रत्येक वार्ड में बनने वाली कमेटी की कमान संबंधित पार्षद के हाथ में होगी, जबकि इसमें स्वच्छता दूत, सैनिटेशन सुपरवाइजर, एसबीएमयू के अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल किए जाएंगे।