जगरांव में कूड़े की समस्या अब सिर्फ गंदगी नहीं, बल्कि जनविद्रोह बन गई है। वर्षों से अनदेखी और लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान न होने से नाराज शहर की महिलाएं पहली बार घरों की चौखट लांघकर सड़कों पर आ बैठीं। महिलाओं का गुस्सा इतना उग्र था कि उन्होंने शहर के बरनाला-जालंधर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि कूड़े के ढेर, बदबू और बीमारियों के बीच जीने को मजबूर करना प्रशासन की खुली नाकामी है। बच्चों की सेहत, बुजुर्गों की जिंदगी और महिलाओं की गरिमा से हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ अब चुप नहीं बैठा जाएगा। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि नगर परिषद ने तुरंत और स्थायी समाधान नहीं किया तो यह आंदोलन और भड़काया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। हाईवे जाम की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया, लेकिन महिलाओं का साफ कहना था—अब सिर्फ आश्वासन नहीं, जमीन पर काम चाहिए।