लुधियाना के जगरांव में कानून व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। चोर, लुटेरे और नशेड़ी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला बुधवार देर रात कोठे खंजुरा में सामने आया, जहां तीन युवकों ने 17 वर्षीय किशोर को घर के बाहर से जबरन मोटरसाइकिल पर बिठाकर अगवा कर लिया। आरोपियों नजदीक रेलवे पुल के पास उसपर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। अधमरी हालत में किशोर रातभर वहीं पड़ा रहा। हमलावर उसका मोबाइल फोन भी छीन ले गए। वीरवार सुबह जब परिजनों ने किशोर को खून से लथपथ बेहोशी की हालत में देखा, तो उसे जगरांव सिविल अस्पताल ले गए। वहां से किशोर को लुधियाना भेजा गया। लुधियाना से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। गांव कोठे खंजुरा के पूर्व सरपंच जगराज सिंह ने कहा कि लोग रात को घर से बाहर निकलने से भी कतराते हैं। स्थानीय निवासी सवरण कौर ने कहा कि नशे की वजह से हालात इतने खराब हैं कि पुरुष नशे की दलदल में फंसे हुए हैं और महिलाओं पर घर चलाने की जिम्मेदारी आ गई है। स्थानीय लोगों ने पंजाब सरकार और पुलिस से नशा-तस्करों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की मांग की है। वही परिजनों का आरोप है कि पुलिस को सूचना दे दी गई है। बावजूद पुलिस बयान लेने तक नही पहुंची।