फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जगरांव में बिल नहीं भरने पर सेवा केंद्र की बिजली बंद, अंधेरे में ठप हुआ कामकाज

लोगों को एक ही छत के नीचे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बनाए गए सेवा केंद्र में प्रशासनिक लापरवाही का मामला सामने आया है। बिजली बिल समय पर जमा नहीं होने के कारण पावरकॉम ने सेवा केंद्र की बिजली सप्लाई काट दी। इससे पूरा केंद्र अंधेरे में डूब गया और ऑनलाइन सेवाओं समेत सभी सरकारी कामकाज ठप हो गए। दूर-दराज के गांवों से जरूरी दस्तावेज बनवाने और सरकारी कार्य करवाने पहुंचे लोगों को घंटों इंतजार के बाद बिना काम कराए लौटना पड़ा। बिजली कटने के कारण कंप्यूटर, इंटरनेट आधारित सेवाएं और अन्य ऑनलाइन प्रक्रियाएं बंद रहीं। सुबह से ही केंद्र में पहुंचे लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन बिजली न होने के कारण कोई भी काम नहीं हो सका। लोगों ने कहा कि सरकार आम नागरिकों से समय पर बिजली बिल जमा करने और नियमों का पालन करने की अपेक्षा करती है, लेकिन सरकारी कार्यालय ही अपने बिजली बिल समय पर जमा नहीं कर पा रहे हैं। घटना के बाद लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। गुरमेल सिंह मल्ला और गुरमीत सिंह भम्मीपुरा ने कहा कि यदि सरकारी विभाग ही अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करेंगे तो आम जनता से नियमों के पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इस लापरवाही का जिम्मेदार कौन है? क्या बिजली बिल समय पर जमा न होने के लिए किसी अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी या फिर यह मामला भी अन्य सरकारी लापरवाहियों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। उनका कहना है कि एक बिल का भुगतान समय पर न होने की कीमत आम लोगों को भुगतनी पड़ रही है। एसडीओ पावरकॉम गुरप्रीत सिंह कंग ने बताया कि अधिकांश सरकारी दफ्तरों में स्मार्ट मीटर लगे हुए हैं। यदि किसी स्मार्ट मीटर उपभोक्ता के खाते में पर्याप्त राशि नहीं रहती या बिल का भुगतान नहीं होता तो बिजली सप्लाई स्वतः बंद हो जाती है। भुगतान होते ही सप्लाई भी तुरंत बहाल कर दी जाती है। वहीं, सेवा केंद्र के इंचार्ज नवदीप शर्मा ने बताया कि बिजली बिल जमा कर दिया गया है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर में एडवांस राशि बनाए रखना आवश्यक होता है, इसी कारण यह तकनीकी समस्या उत्पन्न हुई।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें