आरबीएल एफ लिमिटेड बैंक की सुल्तानपुर लोधी शाखा के दो लोन रिकवरी कर्मियों ने ही लूट ही झूठी कहानी रची थी। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो लूट होने की सूचना देने वाला ही मास्टरमाइंड निकला और उसने ही बैंक के दूसरे कर्मी को साथ मिलाकर पौने तीन लाख रुपये लूट लिया और बैंक व पुलिस को गुमराह कर दिया। एएसपी सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा और थाना सुल्तानपुर लोधी के एसएचओ इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह की टीम ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को दबोकर 2.65 लाख रुपये, टैब और केवाईसी डिवाइस बरामद कर ली है। एएसपी सुल्तानपुर लोधी धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि छह मार्च को निर्दोष कुमार पुत्र चरण दास निवासी गांव लाड़ी बावियां, थाना सरना, जिला पठानकोट हाल निवासी किरायेदार सरवन राम मोहल्ला मौरी सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला ने सूचना दी कि वह करीब 3 साल से आरबीएल एफ लिमिटेड बैंक ब्रांच सुल्तानपुर लोधी में ब्रांच मैनेजर के तौर पर काम कर रहा है। उसकी ब्रांच में निशान सिंह करीब 2 साल से ब्रांच सुल्तानपुर लोधी में कलेक्शन का काम कर रहा है। पांच मार्च की रात करीब 8 बजे उसे निशान सिंह का फोन आया कि निशान सिंह अपने मोटरसाइकिल पर गांव जब्बोवाल से थोड़ा पीछे आ रहा था कि दो मोटरसाइकिल सवारों ने उसके मोटरसाइकिल को लात मारकर गेहूं के खेत में फेंक दिया तथा तेजधार हथियार दिखाकर निशान सिंह से एकत्र की गई 2 लाख 73 हजार 950 रुपये की राशि वाला बैग छीनकर फरार हो गए। पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि निशान सिंह तथा लवप्रीत सिंह दोनों आरबीएल एफ लिमिटेड ब्रांच सुल्तानपुर लोधी में लोन रिकवरी के पद पर कार्य करते हैं। जिन्होंने लूट की झूठी कहानी बनाकर खुद ही पांच मार्च को एकत्र की गई राशि का गबन कर लिया था।