जालंधर पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के दिशा-निर्देशों तथा ज्वाइंट कमिश्नर संदीप कुमार शर्मा और एडीसीपी-1 अकरशी जैन के मार्गदर्शन में जालंधर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर रविंदर कुमार, प्रभारी थाना नवां बारादरी की टीम ने 25 फरवरी 2026 को बीएसएफ चौक, लाडोवाली रोड पर हुई खोह (लूट) की घटना में शामिल आरोपी राहुल उर्फ लाला पुत्र हरजिंदर कुमार निवासी गढ़ा, जालंधर को काबू किया। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और महिला का पर्स समेत जरूरी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। 27 फरवरी को पुलिसकर्मियों द्वारा गश्त के दौरान मिली शिकायत के आधार पर मुकदमा नंबर 44, धारा 304(2) बीएनएस के तहत थाना नवां बारादरी में मामला दर्ज किया गया था। तत्पश्चात कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में आपराधिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।