जालंधर के न्यू दशमेश नगर में हुए डबल मर्डर मामले ने नया मोड़ ले लिया है। विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर जोगा फोलड़ीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर सौरभ और सिमरनजीत सिंह उर्फ पप्पू की हत्या की जिम्मेदारी ली है। गैंगस्टर ने दावा किया कि यह हमला उसके इशारे पर किया गया और इसके पीछे जेल के अंदर हुई पुरानी रंजिश मुख्य वजह है। जोगा फोलड़ीवाल द्वारा इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की गई पोस्ट में लिखा गया कि दोनों युवकों ने जेल में उसके साथी सुखमन बराड़ को नुकसान पहुंचाया था, जिसका बदला लिया गया है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि पप्पू कभी उनके गिरोह का हिस्सा था, लेकिन बाद में हालात बदल गए। गैंगस्टर ने सौरभ के साथियों को भी खुली धमकी देते हुए लिखा कि जो लोग जेल में हैं या बाहर, अब उनकी बारी है। पोस्ट के अंत में "जोगा फोलड़ीवाल" और "खत्री ग्रुप नवांशहर" का नाम भी लिखा गया है, जिससे मामले में गैंगवार की आशंका और गहरा गई है।