जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा से गर्म कपड़े बेचने वाले युवक को तीन नकाबपोशों ने जख्मी करके लूट लिया। आरोपी मारपीट कर कश्मीरी युवक से 12 हजार की नकदी व 35 हजार रुपये कीमत के गर्म कपड़े लूटकर फरार हो गए। हालांकि सुल्तानपुर लोधी की पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। वहीं, जिस जगह पर वारदात हुई है, उसकी थाना सीमा को लेकर भी पुलिस असमंजस में है। जख्मी को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में भर्ती कराया गया है। सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी में उपचाराधीन मोहम्मद सफी खोजा निवासी कुपवाड़ा (जम्मू-कश्मीर) ने बताया कि वह सर्दियों में गर्म कपड़े बेचने का काम करता है। वह आज शनिवार की सुबह गर्म कपड़े बेचने के लिए पैदल ही गांव शाहवाला अंदरीसा जा रहा था। तभी रास्ते में मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन नकाबपोश युवक आए और आते सार ही उन लोगों तेजधार हथियार से उसके सिर पर पीछे से वार शुरू कर दिए। जिससे वह जख्मी हो गया। फिर तीनों आरोपी उसकी जेब में रखी 12 हजार रुपये की नकदी और करीब 35 हजार रुपये कीमत के गर्म कपड़े का थैला लेकर फरार हो गए।