चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला सम्राट होटल वाली गली से सामने आया है, जहां घर के बाहर खड़ी एक एक्टिवा को चोर कुछ ही मिनटों में लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। एक्टिवा के मालिक डॉक्टर संजीव ने बताया कि उन्होंने अपनी स्कूटी घर के बाहर खड़ी की थी और कुछ समय के लिए सामान लेने अंदर चले गए। जब वे वापस बाहर आए तो एक्टिवा वहां मौजूद नहीं थी। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी को भी घटना की जानकारी नहीं थी। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर सामने आया कि एक व्यक्ति गली में इधर-उधर घूमता नजर आता है। मौका मिलते ही वह एक्टिवा पर बैठता है और आराम से स्कूटी लेकर फरार हो जाता है। पीड़ित डॉक्टर संजीव ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अपनी स्कूटी बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।