पठानकोट कोर्ट में पेशी भुगतकर लौट रहे एक युवक पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद घायल पक्ष जब उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा तो वहां भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुलिस की मौजूदगी में हुई झड़प में ईंट-पत्थर चले और कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों का मेडिकल करवाकर उन्हें हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। घायल हैप्पी ने बताया कि वह टैक्सी चालक है और आरोपियों से पुरानी रंजिश चल रही है। उसने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले उसके दोस्त की हत्या हुई थी और उसने उसके परिवार का साथ दिया था। इसी कारण आरोपी उससे रंजिश रखने लगे। उसने बताया कि हमला करने वाला कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। हैप्पी के अनुसार आरोपियों ने दातर से उस पर हमला किया। बचाव में उसने दातर छीनकर स्कूल की पार्किंग में फेंक दी। इसके बाद आरोपियों ने कई युवकों को बुलाकर उस पर दोबारा हमला किया। वहीं दूसरे पक्ष के सुखदेव सिंह निवासी सैली कुलियां ने आरोप लगाया कि कोर्ट से लौटते समय 3-4 अज्ञात युवकों ने उस पर हमला किया। उसने बताया कि अस्पताल में भी पीछे से आकर सिर पर ईंट मारकर घायल कर दिया गया। घटना अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हुई है। थाना नंबर-2 के सब-इंस्पेक्टर सौरभ कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष शिकायत लेकर थाने पहुंचे थे। मेडिकल के लिए अस्पताल लाने पर दोनों पक्षों में झड़प हो गई। पुलिस ने मौके से हमलावरों को काबू कर लिया है और जांच जारी है।