1984 के सिख विरोधी दंगों के आरोपी रहे सज्जन कुमार की जेल में मौत के बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से उन्हें रोल मॉडल बताए जाने के कथित बयान को लेकर पंजाब भर में सिख समुदाय में रोष पाया जा रहा है। इसी के विरोध में यूथ अकाली दल के जिला प्रधान सहित अन्य युवा नेताओं ने आज मोगा में कांग्रेस पार्टी के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मोगा के मुख्य चौक में राहुल गांधी और कांग्रेस की समूची लीडरशिप का पुतला फूंककर रोष जताया। इस दौरान युवाओं ने कांग्रेस पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर युवा नेताओं ने सिख कौम के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गाजे से अपील की कि सज्जन कुमार की मौत के बाद कांग्रेस की ओर से उन्हें रोल मॉडल बताए जाने के कथित रुख के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने मांग की कि कौम की ओर से संदेश जारी कर कांग्रेस में शामिल सिख नेताओं के विरोध का आह्वान किया जाए। एकत्रित नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का कथित सिख विरोधी दोहरा चेहरा आज सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सज्जन कुमार को बचाने के लिए अलग-अलग तरीके से भूमिका निभाई, जिसके चलते 1984 के सिख दंगा पीड़ितों को करीब 30 वर्षों तक इंसाफ के लिए इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि आखिरकार सज्जन कुमार की मौत के साथ यह अध्याय समाप्त हुआ, लेकिन 1984 के पीड़ित परिवारों के जख्म आज भी ताजा हैं। नेताओं ने कहा कि सिख समुदाय कांग्रेस पार्टी के इस कथित रवैये को कभी स्वीकार नहीं करेगा।