मोगा में शादी समारोह वाले घर पर टेंट व लाइट लगाते समय युवक ऊपर से गुजर रही 66 केवी हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना मोगा के बेदी नगर इलाके की है। शादी वाले घर में छत पर लाइट लगाने के दौरान टेंट कर्मी हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। घायल की पहचान आशु के तौर पर हुई है। हादसे के बाद आसपास के कई घरों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो और कई घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। इतना ही नहीं, कुछ मकानों की पीओपी सीलिंग तक उखड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी स्थान पर पिछले कुछ वर्षों में यह पांचवां हादसा है, जिसमें पहले पतंग उड़ाते समय एक बच्चे की मौत भी हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। घायल युवक को तुरंत मोगा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।