मोगा के गांव दोलेवाला में पांच अगस्त को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने शव को पहचान के लिए सिविल अस्पताल मोगा की मोर्चरी में रखवाया था। कई दिनों तक प्रयास के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस थाना कोट ईसे खां की ओर से शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए उसे समाज सेवा सोसायटी मोगा को सौंप दिया गया। सोसायटी के सदस्यों ने लावारिस शव के वारिस बनकर मृतक का अंतिम संस्कार करवाया। सोसायटी में मेंबर गुरसेवक सिंह सन्यासी ने लोगों अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस अज्ञात मृतक के बारे में कोई जानकारी हो तो वह समाज सेवा सोसायटी मोगा अथवा थाना कोट ईसे खां, पुलिस चौकी दोलेवाला से संपर्क कर सकता है। पहचान होने की स्थिति में मृतक की अस्थियां परिजनों को सौंपी जा सकती हैं।