कपूरथला की सब-डिवीजन सुल्तानपुर लोधी में तलवंडी चौधरियां मार्ग पर गांव सवाल के पास बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिंद्रा एक्सयूवी 500 के परखच्चे उड़ गए और वाहन के टायर, शीशे और पुर्जे दूर-दूर तक बिखर गए। जानकारी के अनुसार, कार सुल्तानपुर लोधी से तलवंडी चौधरियां की ओर जा रही थी। गांव सवाल के पास पहुंचने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद कार पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और फिर एक निजी स्कूल की लोहे की ग्रिल को तोड़ते हुए आगे दूसरे पेड़ से जा भिड़ी। हादसे में गांव बिधीपुर (सुल्तानपुर लोधी) निवासी राहुल गिल पुत्र सतपाल की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने देर रात करीब एक बजे शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल लब्बी (17) पुत्र सोनू राम निवासी गांव तलवंडी बूटियां, जिला जालंधर और अंजना रानी (23) पत्नी राहुल गिल निवासी गांव शंकर, जिला जालंधर को सिविल अस्पताल सुल्तानपुर लोधी पहुंचाया गया। उपचार के दौरान लब्बी ने भी दम तोड़ दिया। जबकि अंजना रानी की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।