फरीदकोट में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। करीब 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो में भारी पुलिस बल ने फ्लैग मार्च किया। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा निर्देश पर और एसपी मनविंदर बीर सिंह और एसपी जोगेश्वर सिंह गोराय़ा के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने तीनों सब-डिवीजनों में फ्लैग मार्च निकाला। फरीदकोट में डीएसपी तरलोचन सिंह और जगतार सिंह की अगुवाई में थाना सिटी से मार्च शुरू होकर प्रमुख बाजारों और चौकों से गुजरा। कोटकपूरा में डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में थाना सिटी से फ्लैग मार्च निकाला गया, जबकि जैतो में भी पुलिस टीमों ने शहर के प्रमुख स्थानों पर मार्च किया। पुलिस ने बताया कि महत्वपूर्ण स्थानों पर सख्त नाकाबंदी और लगातार गश्त की जा रही है। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। एंटी-सबोटाज टीमों और डॉग स्क्वायड द्वारा भी लगातार जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक के पुख्ता इंतजाम किए हैं। आम जनता से अपील की गई है कि कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।