रेल कोच फैक्ट्री (आरसीएफ) कपूरथला में वारिस शाह हॉल में आरसीएफ इंप्लाइज यूनियन का 5वां अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अधिवेशन में आरसीएफ के कर्मचारियों और विभिन्न यूनियनों और संगठनों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया, जो श्रमिक एकता और उनके अधिकारों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस अवसर पर विभिन्न वक्ताओं ने रेलवे कर्मचारियों के सामने आने वाले मौजूदा मुद्दों, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की। अधिवेशन में मुख्य मेहमान के रूप में इंडियन रेलवे इंप्लाइज फेडरेशन (आईआरईएफ) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अखिलेश पांडे, राष्ट्रीय संगठन सचिव कामरेड जुमेरदीन, राष्ट्रीय सहायक सचिव कामरेड कृष्ण कुमार और ऑल इंडिया सेंट्रल काउंसिल ऑफ ट्रेड यूनियंस (एआईसीसीटीयू) के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड राजीव डिमरी सहित कई अन्य पदाधिकारी साथी भी शामिल हुए।