बठिंडा पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े संदिग्ध जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील इलाके में बिना अनुमति सोलर पावर आधारित खुफिया कैमरा लगाकर सेना, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखी और उसकी फुटेज पाकिस्तान तथा कनाडा में बैठे देश विरोधी तत्वों और एजेंटों तक पहुंचाई। मामले में दो अन्य आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। नाै जून को दर्ज हुआ था केस पुलिस के अनुसार यह मामला थाना थर्मल बठिंडा में नाै जून को दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता कानून और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य हाईवे बठिंडा-मलोट रोड पर अंबुजा फैक्टरी के सामने सरकारी बिजली के खंभों पर मार्च के दौरान एक सोलर पावर कैमरा लगाया गया था। इस कैमरे में सक्रिय सिम कार्ड लगा हुआ था, जिसके जरिए लाइव निगरानी की जा रही थी।