गुरुधामों के आसपास सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कार सेवा किला आनंदगढ़ साहिब की ओर से विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया है। मुख्य प्रबंधक बाबा सतनाम सिंह के नेतृत्व में गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में अरदास के बाद इस सेवा की शुरुआत की गई। अरदास तख्त श्री केसगढ़ साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी जोगिंदर सिंह ने की। बाबा सतनाम सिंह ने बताया कि अब रोजाना शाम पांच बजे के बाद सफाई सेवा शुरू की जाएगी। यह सेवा गुरुद्वारा शीशगंज साहिब से शुरू होकर गुरुद्वारा गुरु के महल भोरा साहिब, तख्त श्री केसगढ़ साहिब से होते हुए गुरुद्वारा किला आनंदगढ़ साहिब में संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि मौसम के हालात को देखते हुए सफाई सेवा के समय में जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकता है। अभियान में क्षेत्र की संगत को भी अधिक से अधिक जोड़ा जाएगा। गांवों से संगत को सेवा के लिए लाने के लिए रोजाना बसें भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी। बाबा सतनाम सिंह ने कहा कि कार सेवा का मुख्य उद्देश्य ऐतिहासिक गुरुधामों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना है, ताकि देश-विदेश से श्री आनंदपुर साहिब पहुंचने वाली संगत को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।