एक्टर सोनू सूद पंजाब में बाढ़ प्रभावित लोगों के मदद के लिए आगे आए हैं। मोगा में अपने घर पहुंचे सोनू सूद ने कहा कि इस मुसीबत में सबको एकजुट होकर पंजाब की मदद करनी चाहिए और लोगों को जिन चीजों की जरूरत है, उन तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि उन्होंने पंजाब में कुछ जिलों में जाकर लोगों की समस्याएं सुनी। लोगों को राशन की ज्यादा जरूरत नहीं है। उनके घर उजड़ गए, फसल खराब हो गई। लोगों को मेडिकल की सुविधा चाहिए। मेरी सबसे अपील है कि सभी को उनकी जरूरत की चीज पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आज पंजाब की मदद के लिए सरकार, समाजसेवी संस्था, एक्टर, सिंगर सारे आगे होकर मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूद फाउंडेशन बाढ़ का पानी खत्म हो जाने के बाद भी लोगों की मदद करेगा। असल में लोगों को तो बाद में जो मुसीबत आएगी, उनको संभालना जरूरी है। सोनू सूद ने कहा कि पीएम मोदी पंजाब आ रहे हैं, उनका स्वागत करना चाहिए। राजनैतिक दलों से विनती है कि वे राजनीति से ऊपर उठकर पंजाब का भला सोचें। पीएम आ रहे हैं, तो पंजाब को कुछ न कुछ देकर जाएंगे। पंजाब को दोबारा खड़ा करने के लिए पंजाब सरकार और केंद्र सरकार को साथ मिलकर काम करना होगा, तभी पंजाब पहले जैसा बनेगा।