मोगा में आरटीओ विभाग ने प्राइवेट स्कूल बसों की अचानक जांच की। इस दौरान कई बसों में नियमों की अनदेखी पाई गई, जिसके चलते अधिकारियों ने मौके पर ही चालान काटे। जांच के दौरान बसों के जरूरी दस्तावेज, फिटनेस सर्टिफिकेट, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। इसके अलावा कई बसों में निर्धारित संख्या से अधिक बच्चों को बैठाया हुआ भी पाया गया। इस संबंध में जब आरटीओ ने स्कूल प्रिंसिपल से बात की, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि स्कूल बसों से स्कूल का कोई लेना-देना नहीं है। आरटीओ ने सख्त रुख अपनाते हुए चेतावनी दी कि सरकार द्वारा जारी निर्देशों का पालन न करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर आरटीओ सतविंदर सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि प्राइवेट स्कूल बसों में बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं और निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जा रहा है।