बठिंडा में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के कारण लोगों में डर और दहशत का माहौल बनता जा रहा है। आए दिन इंटरनेट मीडिया पर आपराधिक तत्वों द्वारा वारदातों को अंजाम देते हुए वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिससे शहरवासियों की चिंता और बढ़ गई है। ताजा मामले में सोमवार सुबह के समय लोगों के साथ मारपीट कर लूटपाट करने की वीडियो सामने आई हैं, जिनमें कुछ युवक बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। वायरल हो रही एक वीडियो में चार लुटेरे एक व्यक्ति को घेरकर पहले उसकी बेरहमी से पिटाई करते हैं और फिर उसकी जेबें टटोलते नजर आते हैं। यह घटना सुबह के समय की बताई जा रही है, जब अक्सर लोग सैर करने या अपने काम के लिए घर से निकलते हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि पीड़ित डर के कारण विरोध नहीं कर पा रहे और हमलावर बिना किसी भय के उनके साथ हिंसक व्यवहार कर रहे हैं। नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान एवं समाजसेवी सोनू महेश्वरी ने कहा कि यह गैंग खासतौर पर सुबह के समय सक्रिय रहता है। उन्होंने बताया कि सैर करने या काम के लिए निकलने वाले लोगों को अकेला देखकर ये उन्हें घेर लेते हैं और मारपीट कर लूटपाट करते हैं। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के लोगों ने रात के समय कुछ व्यक्तियों द्वारा मारपीट करने और एक व्यक्ति द्वारा यह कहते सुने जाने कि उसके पास कुछ नहीं है और उसे न मारा जाए, की जानकारी दी थी। बाद में जब सुबह कैमरे चेक किए गए तो पता चला कि उक्त दोनों व्यक्ति लूटपाट गैंग का शिकार हुए हैं।