बठिंडा में खाद और कीटनाशकों के अवैध भंडारण के मामले में थाना नथाना पुलिस ने भुच्चो मंडी से लहरा बेगा रोड पर स्थित एक गोदाम के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस ने एम/एस एसआर गोयल ट्रेडिंग के संचालक विशाल गोयल को मामले में नामजद किया है। जानकारी के अनुसार, 28 अक्तूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर फर्टिलाइजर इंस्पेक्टर सुखप्रीत सिंह ने विभागीय टीम के साथ भुच्चो मंडी से लहरा बेगा रोड पर स्थित एक गोदाम की जांच की। जांच के दौरान गोदाम में संदिग्ध खाद और कीटनाशक दवाइयों का स्टॉक रखा हुआ पाया गया। शिकायत के मुताबिक, गोदाम में सफेद रंग के बैगों में कुछ पदार्थ भंडारित किए गए थे। इसके अलावा विभिन्न कंपनियों के खाद के खाली बैग भी मिले, जिन्हें अधिकारियों ने संदिग्ध बताया। मौके पर मौजूद फर्म के संचालक विशाल गोयल से गोदाम और वहां रखे खाद व कीटनाशकों से संबंधित दस्तावेज, खरीद बिल तथा अन्य रिकॉर्ड मांगे गए लेकिन शिकायत के अनुसार वह संबंधित दस्तावेज पेश नहीं कर सके।