पंजाब में पंचायत समिति की 351 सीटों पर प्रत्याशी बिना मुकाबला जीत गए हैं। इनमें से 340 सीटों पर आम आदमी पार्टी, 8 सीटों पर आजाद और 3 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी घोषित किए गए हैं। इन सीटों पर या तो नामांकन पत्रों में त्रुटि होने या सिंगल कैंडिडेट होने की वजह से मैदान में एक ही प्रत्याशी बचा था। इन आंकड़ों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि चुनाव में खड़े करने के लिए कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल को मजबूत लोग ही नहीं मिले और आरोप लगाते हैं कि नामांकन भरने से रोकने के लिए धक्का किया गया। चंडीगढ़ में हुई प्रेसवार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के आरोपों पर मान ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस लड़ने से पहले ही हार मान गई। चन्नी ने पहले से आप की मुहर लगे बैलेट पेपर छपवाने का बयान दिया था।