पठानकोट के सुजानपुर-जुगियाल रोड की लंबे समय से खराब हालत को लेकर स्थानीय लोगों ने चौक वाला खूह जाम कर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की है। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र सिंह ठाकुर, बक्शी सिंह मोना, कामरेड नाथ सिंह डडवाल, जसवंत सिंह रानीपुर, जगमोहन जगा, नसीब सिंह, ज्ञान चंद लूमबा ने कहा कि यह सड़क पिछले 15 वर्षों से खस्ताहाल है। सरकार और प्रशासन की नाकामी के कारण लोग सालों से परेशान हैं। इस संबंध में वह कई बार डिप्टी कमिश्नर पठानकोट और एसडीओ मंडी बोर्ड से भी मिले है, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिसके चलते आज उन्होंने चौक सड़क जाम की है। इस सड़क के टूटने के कारण बारिश के दिनों में अक्सर यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन में किसी को इसकी परवाह नहीं है और न ही इस सरकार का कोई नुमाइंदा इस ओर ध्यान देता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही इस सड़क का समाधान नहीं किया गया तो वह संघर्ष तेज करेंगे। वहीं, धरने में पहुंची तहसीलदार दिव्या सिंगला ने कहा कि सड़क मजूर हो चुकी है इसका टेंडर लगना अभी पेंडिंग है तथा जल्द ही संघर्ष समिति के साथ जिला प्रशासन की बैठक कराई जाएगी।