फिरोजपुर में पेंशनर्स एसोसिएशन के बैनर तले पेंशनरों ने पंजाब सरकार की कर्मचारी और पेंशनर विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई। पेंशनरों का आरोप है कि सरकार लगातार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों की अनदेखी कर रही है, जिसे अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पेंशनर्स एसोसिएशन के नेता रविंद्र लूथर ने कहा कि सरकार महंगाई भत्ते (डीए) का 18 प्रतिशत लंबित बकाया तुरंत कर्मचारियों और पेंशनरों को जारी करे। उन्होंने यह भी मांग की कि छठे वेतन आयोग को 2.59 गुणांक (फैक्टर) के अनुसार पूरी तरह और सही तरीके से लागू किया जाए। इसके अलावा सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग और ठेका भर्ती पर रोक लगाकर नियमित नियुक्तियां की जाएं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिन वादों के आधार पर मौजूदा सरकार सत्ता में आई थी, आज उन्हीं वादों से पीछे हट गई है। उनका कहना है कि सरकार का कर्मचारी विरोधी रवैया अब पूरी तरह उजागर हो चुका है। पेंशनर नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।