मुकेरियां हाइडल चैनल के एसई सिविल डिजाइन एंड कंस्ट्रक्शन विभाग हाजीपुर के कार्यालय के बाहर आउटसोर्स ठेका कर्मचारियों की अपनी मांगों को लेकर जारी अनिश्चित कालीन हड़ताल वीरवार को पांचवे दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने सरकार से बिना शर्त नियमितीकरण और विभाग के निजीकरण की नीति वापस लेने की मांग दोहराई। धरने को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता मुकेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चुनाव के दौरान पंजाब के कच्चे और ठेका कर्मचारियों को संबंधित विभागों में मर्ज कर नियमित करने का वादा किया था,लेकिन सिविल डिजाइन एंड कंस्ट्रक्शन विभाग के आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने संबंधी अब तक कोई अधिसूचना जारी नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि इसी कारण मुकेरियां हाइडल सिविल विंग के कर्मचारी अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि पावरकॉम और ट्रांसको आउटसोर्स कर्मचारी तालमेल समिति, पंजाब के आह्वान पर विभाग के निजीकरण का विरोध करते हुए यह हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना किसी शर्त के नियमित नहीं किया जाता। उन्होंने यह भी घोषणा की कि हाजीपुर स्थित सिविल इंजीनियर कार्यालय के बाहर धरना भी लगातार जारी रहेगा।