पंजाब यूनिवर्सिटी में कार्यरत एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) कर्मचारियों ने शुक्रवार को वेतन जारी न किए जाने के विरोध में वीसी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें अभी तक मई महीने का वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि वेतन के लिए उन्हें हर बार आंदोलन और प्रदर्शन का सहारा लेना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता। उनका आरोप है कि जब भी वे अपने अधिकारों की आवाज उठाते हैं, तो यूनिवर्सिटी प्रशासन और संबंधित ठेकेदारों की ओर से नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने के कारण कई लोग समय पर घर का किराया नहीं दे पाए हैं। इसके अलावा घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई और बैंक की किश्तों का भुगतान भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द बकाया वेतन जारी करने और भविष्य में समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे अपना आंदोलन और तेज करने को मजबूर होंगे।