करवा चौथ के त्यौहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से मनाने के लिए मोगा पुलिस प्रशासन ने विशेष सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। शहर के भीड़-भाड़ वाले इलाकों में, जहां बड़ी संख्या में महिलाएं मेहंदी लगवाने के लिए पहुंचती हैं, वहां पुलिस ने विशेष गश्त और पीसीआर कर्मियों की तैनाती की है। इस अवसर पर मोगा पीसीआर इंचार्ज खेमचंद पसार ने जानकारी देते हुए बताया कि मोगा के एसएसपी द्वारा सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की हुल्लड़बाजी या कानून-व्यवस्था में व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि मोगा पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख बाजारों और मेहंदी लगवाने वाले स्थलों पर पीसीआर टीमों की तैनाती की गई है ताकि मोटरसाइकिल स्टंट, शोरगुल या किसी भी तरह की अव्यवस्था को तुरंत रोका जा सके।पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्योहार को शांति, आपसी सद्भाव और सुरक्षा के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।