मोगा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल सात किलो 520 ग्राम हेरोइन सहित 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि पहली कार्रवाई मोगा सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर की। टीम ने गांव खुखरना दाना मंडी से मोटरसाइकिल पर सवार तीन तस्करों को काबू किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान बोबी सिंह, गुरमेज सिंह और दलजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 किलो 17 ग्राम हेरोइन बरामद की है। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि ये आरोपी पाकिस्तान से आने वाली हेरोइन की सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। आरोपी दलजीत सिंह के खिलाफ पहले भी NDPS एक्ट के तहत दो केस दर्ज हैं। दूसरी कार्रवाई में सीआईए स्टाफ मोगा ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव नथुवाला जदीद बस स्टैंड के पास से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें सरवन सिंह, हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदा (दोनों निवासी भाई लाधू, जिला तरनतारन) और आकाशदीप सिंह (निवासी अमृतसर) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 2 किलो 503 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पहले चरण में सरवन सिंह और हरजिंदर सिंह को 500 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया था, जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने आकाशदीप सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो हेरोइन और बरामद की। एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि दोनों मामलों में पकड़े गए आरोपी पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर मोगा, फरीदकोट और फिरोजपुर इलाके में सप्लाई करते थे। कुल 7 किलो 520 ग्राम हेरोइन की बरामदगी के साथ 6 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि नशा तस्करी नेटवर्क के और भी सरगनाओं का पर्दाफाश किया जा सके।